द फॉलोअप डेस्क:
रांची के जगन्नाथपुर मंदिर के गार्ड का कातिल पकड़ा गया है। वारदात के 6 घंटे के भीतर रांची पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। गार्ड की हत्या करने के बाद आरोपी ने दान पेटी से नकदी भी निकाल लिया था। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की मॉनिटरिंग कर रहे थे। इस केस को हत्या और लूट के एंगल से देखा जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

एसएसपी खुद कर रहे हैं जांच की मॉनिटरिंग
वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी राकेश रंजन समेत वरीय पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू किया। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। सीसीटीवी में ही संदिग्ध व्यक्ति नजर आया था। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है। हत्यारोपी से पूछताछ हो रही है। जगन्नाथपुर मंदिर जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के गार्ड की हत्या निश्चित रूप से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
पुलिस ने केस में 6 संदिग्ध लोगों को पकड़ा
पुलिस ने इस केस में 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया था। सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहे व्यक्ति का हुलिया इस केस की कड़ियां जोड़ने में अहम साबित हुआ। पुलिस अब आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ में जुटी है। अभी उस व्यक्ति की पहचान नहीं बताई गई है। पुलिस यह भी जानना चाहती है कि मंदिर को लूटना ही मकसद था या हत्या में लूट का एंगल जोड़ने के लिए ऐसा किया गया था।