नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले में संचालित जर्जर और अति जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों (AWC) की स्थिति सुधारने की दिशा में एक अहम पहल की गई। आज उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया के निदेशानुसार जिला समाज कल्याण शाखा, पाकुड़ एवं सभी परियोजना कार्यालयों के कर्मियों ने इन केंद्रों का स्थल भ्रमण कर विस्तृत भौतिक जांच की।
जांच का उद्देश्य जर्जर भवनों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर भविष्य की मरम्मत, नवीनीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की रूपरेखा तैयार करना है। इस क्रम में कर्मियों ने प्रत्येक केंद्र की भवन संरचना, उपयोग की स्थिति, सुरक्षा मानक और भौतिक दशा का गहन निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में दीवारों में दरारें, छत का क्षतिग्रस्त होना, फर्श की टूट-फूट और भवन के उपयोग में कठिनाइयों जैसी गंभीर समस्याएं सामने आईं। कुछ केंद्रों की स्थिति इतनी खराब पाई गई कि वे बच्चों एवं कर्मियों के लिए सुरक्षित नहीं माने जा सकते।
जांच रिपोर्ट को अब सभी परियोजनाओं से संकलित कर अंतिम रूप से जिला समाज कल्याण शाखा द्वारा तैयार किया जाएगा। इस रिपोर्ट को उप विकास आयुक्त, पाकुड़ को सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर आगामी दिनों में आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं अन्य सुधारात्मक कार्यों की योजना तैयार की जाएगी।
