logo

पलामू में मंत्री से मिले पंचायत सचिव, लंबित मांगों के समाधान को लेकर सौंपा ज्ञापन 

dps_palamu.jpg

पलामू 

झारखंड सरकार में पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से पलामू जिला पंचायत सचिव संघ के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मेदिनीनगर सर्किट हाउस में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने पंचायत सचिवों की बहुप्रतीक्षित मांग ₹2400/- ग्रेड पे व अन्य मांगो से संबंधित लंबित संचिका को शीघ्र अनुमोदन के लिए मंत्री से आग्रह किया। संघ के प्रतिनिधियों ने मंत्री के समक्ष यह विषय प्रमुखता से रखा कि पंचायत सचिवों द्वारा निर्वहन किए जा रहे दायित्वों एवं कार्यों के अनुरूप सम्मानजनक वेतनमान प्रदान किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उचित निर्णय लिया जाएगा

इससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के क्रियान्वयन में और अधिक दक्षता, ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता सुनिश्चित हो सकेगी। वहीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भी इस विषय पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए आश्वस्त किया कि पंचायत सचिवों की मांग उनके संज्ञान में है तथा संबंधित संचिका विभाग में लंबित है, जिस पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि इस विषय पर उचित निर्णय लिया जाएगा। पलामू जिला पंचायत सचिव संघ ने झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ एवं राज्य के सभी जिला इकाइयों से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण मांग की पूर्ति हेतु एकजुट होकर निरंतर प्रयास जारी रखें।

संघ ने विश्वास व्यक्त किया

संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से पंचायत सचिवों की यह जायज मांग अवश्य पूर्ण होगी। पलामू जिला पंचायत सचिव संघ के प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष सतीश कुमार दुबे, जिला मंत्री विकाश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष नंदलाल प्रसाद गुप्ता, संयुक्त सचिव पुरुषोत्तम कुमार वैद्य, संगठन मंत्री वशिष्ठ तिवारी और मुकेश पासवान मौजूद रहे।

Tags - Deepika Pandey Singh Panchayat Secretary Association delegation meeting salary revision demand rural administration Jharkhand