पलामू
पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में गहर पथरा मोड़ के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और मोपेड की आमने-सामने टक्कर में मोपेड सवार तीन नाबालिगों की जान चली गई। सभी मृतक शोले गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय फिरोज अंसारी उर्फ बुटन, 15 वर्षीय तौहीद अंसारी और 13 वर्षीय इबरार अंसारी के रूप में हुई है। इबरार और फिरोज आपस में चचेरे भाई थे, जबकि तौहीद उनका पड़ोसी था।

बाजार जाते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि तीनों किशोर एक ही मोपेड पर सवार होकर बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों को तुरंत इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फिरोज और तौहीद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल इबरार को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन रात में उसने भी दम तोड़ दिया।

चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। स्कॉर्पियो मेदिनीनगर के बैरिया चौक इलाके की बताई जा रही है। पुलिस अब वाहन के मालिक और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।