logo

पाकुड़ में दो माह के बच्चे की हत्या, मां-पिता और नानी हिरासत में

वदमपो2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ सदर प्रखंड के संग्रामपुर गांव में दो माह के मासूम बच्चे की गला घोंटकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही मुफसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ में बच्चे की मां ने अपने पति सारजेन शेख पर हत्या का आरोप लगाया, जबकि पति ने अपनी सास पर ही हत्या का आरोप लगाया है।


एक-दूसरे पर आरोप लगाने से पुलिस ने तीनों को लिया हिरासत में 
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान परिजन एक-दूसरे पर आरोप लगाकर पुलिस को दिग्भ्रमित करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद बच्चे के पिता सारजेन शेख, मां और नानी को हिरासत में लेकर थाना में पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संग्रामपुर गांव से दो माह के बच्चे की गला घोंटकर हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।


विवाद के दौरान ग्रामीणों ने सुना शोर, पुलिस को दी सूचना 
मिली जानकारी के मुताबिक सारजेन शेख और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार को विवाद के दौरान आसपास के लोगों ने शोर सुना और मौके पर पहुंचे, जहां घटना की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों ने तुरंत मुफसिल थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Tags - Pakur Crime News Jharkhand Murder Case Sangrampur