द फॉलोअप डेस्क
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पाकुड़ जिला राष्ट्रीय पटल पर गौरव का प्रतीक बनकर उभरा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से पाकुड़ जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान लोकतांत्रिक समावेशन की दिशा में जिले द्वारा किए गए नवाचारों और सतत प्रयासों की सशक्त पहचान है, जिससे पूरे जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।
.jpeg)
.jpeg)
पाकुड़ जिले द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट समावेश’ के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय, दिव्यांगजन, पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की अभिनव पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। यह परियोजना लोकतंत्र को केवल अधिकार तक सीमित न रखकर प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से सशक्त व्यवस्था के रूप में स्थापित करती है। इस उपलब्धि के पीछे जिले के लोकतंत्र प्रहरीयों की कठिन परिस्थितियों में की गई निष्ठापूर्ण मेहनत अहम भूमिका रही।

.jpeg)
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह सम्मान बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, एआरओ, ईआरओ तथा जिला निर्वाचन कार्यालय से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कर्मियों की दिन-रात की अथक मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रांची और भारत निर्वाचन आयोग के प्रति आभार जताते हुए जिलेवासियों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, नवाचार और सामूहिक सहयोग का जीवंत उदाहरण है।
