logo

मूर्ति विसर्जन के बाद मातम : लातेहार में दो बाइकों की टक्कर, एक युवक की मौत, तीन गंभीर

वदतो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र अंतर्गत सरनाडीह पुल के पास शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर लौट रहे युवकों की दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा शनिवार शाम करीब सात बजे का बताया जा रहा है। सभी युवक सरनाडीह गांव के निवासी थे और गांव में आयोजित मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होकर अपने-अपने घर लौट रहे थे। अचानक सरनाडीह पुल के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सरनाडीह गांव निवासी आरदीप मुंडा (पिता जलसू मुंडा) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरदीप मुंडा अपनी मोटरसाइकिल पर अकेले सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर रितेश किंडो, वीरेंद्र खेरवार और अमरसहाय तिर्की सवार थे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और सभी युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को महुआडांड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. अमित खालको ने जांच के बाद आरदीप मुंडा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रितेश किंडो (20 वर्ष), वीरेंद्र खेरवार (25 वर्ष) और अमरसहाय तिर्की (22 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं और हादसा जानलेवा साबित हुआ। महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हुई है और तीन युवक घायल हुए हैं। दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।