जामताड़ा
ताजा मामला नाला प्रखंड की चकनायपाड़ा पंचायत का है, जहां धरातल पर बिना कोई काम कराए, फर्जी दस्तावेजों के सहारे मनरेगा और अबुआ आवास योजना की ₹4,83,456 की सरकारी राशि की अवैध निकासी कर ली गई। इस गबन का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ित गरीब पति-पत्नी बुधन मिर्धा और बेबी देवी के घर अचानक जांच अधिकारी पहुंचे। खुद को इस साजिश का शिकार पाकर हैरान-परेशान पीड़ित परिवार ने जामताड़ा के उपायुक्त (डीसी) आलोक कुमार से न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
मुखिया और बिचौलियों पर मिलीभगत का आरोप
पीड़ित पति-पत्नी ने अपने आवेदन में सीधे तौर पर पंचायत की मुखिया दुखी मुर्मू, बिचौलिया वनमाली मिर्धा और प्रखंड कार्यालय के कुछ कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इन सभी ने आपस में मिलीभगत कर उनके नाम पर मनरेगा योजनाओं के फर्जी मास्टर रोल और कागजात तैयार किए। इसके बाद कुल ₹4,83,456 की राशि बैंक से निकाल ली गई। कागजों पर काम को पूरी तरह संपन्न दिखाया गया है, जबकि धरातल पर ₹1 का भी काम नहीं हुआ।
जांच अधिकारी के पहुंचने पर हुआ खुलासा
बुधन मिर्धा ने बताया कि उनके पास रहने के लिए एक छोटे से घर के अलावा कोई जमीन-जायदाद नहीं है। उन्हें इस बड़े फर्जीवाड़े की भनक तब लगी, जब प्रखंड स्तर के जांच अधिकारी अचानक उनके घर पहुंचे। अधिकारी ने उन्हें बताया कि उनके नाम पर स्वीकृत योजनाएं और अबुआ आवास का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद जब पति-पत्नी ने कागजातों की छानबीन की, तो उनके होश उड़ गए। बुधन का दावा है कि उन्होंने किसी भी सरकारी दस्तावेज या मास्टर रोल पर हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान नहीं लगाया है।
उपायुक्त ने दिए जांच के आदेश
पीड़ित परिवार ने उपायुक्त से इस पूरे गबन की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी आलोक कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और उन्होंने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
इन चार योजनाओं में हुआ फर्जीवाड़ा
आवेदन के अनुसार, पीड़ित पति-पत्नी के नाम पर कुल चार अलग-अलग योजनाओं में राशि की निकासी दिखाई गई है:
जमीन समतलीकरण (वर्क कोड IF/685429): ₹1,66,098 की निकासी।
मेड़बंदी कार्य (वर्क कोड IF/99656): ₹43,350 की निकासी।
बेबी देवी के नाम जमीन समतलीकरण (वर्क कोड IF/833951): ₹2,50,920 की निकासी।
अबुआ आवास मजदूरी भुगतान (वर्क कोड IF/422305): ₹23,088 की निकासी।