logo

हैदराबाद से रांची लौट रहे हैं सत्ताधारी विधायक, जानें अब क्या होगा

हैदराबाद से रांची लौट रहे हैं सत्ताधारी विधायक, जानें अब क्या होगा

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

शुक्रवार (2 फरवरी) को हैदराबाद गये झारखंड के सत्ताधारी दल के विधायक वापस लौट रहे हैं। विधायकों को लेकर वापस लौट रहे चार्टेड प्लेन शाम तकरीबन 7:30 बजे रांची के बिरसा मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड करेगा। इसमें सत्तारुढ़ पार्टी के कुल 38 विधायक होंगे। गौरतलब है कि 2 फरवरी को चंपई सोरेन के झारखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते ही विधायक पहले वातानुकूलित बस में सवार होकर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से हैदराबाद की उड़ान भरी। विधायकों को हैदराबाद के लिओनिया हॉलिस्टिक डेस्टिनेशन रिजॉर्ट में रखा गया था। चर्चा है कि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और इस्तीफे के बाद सत्ता परिवर्तन के बीच हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका की वजह से विधायकों को रांची से हैदराबाद शिफ्ट किया गया था। कल फ्लोर टेस्ट है। 

एयरपोर्ट से सीधा सर्किट हाउस जायेंगे विधायक
गौरतलब है कि विधायकों को रांची लौटते ही सबसे पहले सर्किट हाउस ले जाया जायेगा। विधायकों को सर्किट हाउस में ही रात बितानी है। कल (5 फरवरी) को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होना है। यहां चंपई सोरेन बहुमत साबित करेंगे। राज्यपाल को सौंपे समर्थन पत्र के मुताबिक सत्ताधारी दल के पास 43 विधायकों का हस्ताक्षरयुक्त पत्र है। वहीं, मंत्री आलमगीर आलम का दावा है कि उनके पास कुल 49 विधायकों का समर्थन है। गौरतलब है कि 1 फरवरी को रात तकरीबन 11 बजे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री मनोनित करते हुए 10 दिन के भीतर बहुमत साबित करने को कहा था। 2 फरवरी को दोपहर 12:30 चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ सत्यानंद भोक्ता और आलमगीर आलम ने भी शपथ ली।

 

2 फरवरी को हैदराबाद रवाना हुये थे विधायक
आपको बता दें कि इससे पहले 1 फरवरी की शाम को भी विधायकों को हैदराबाद ले जाने की कवायद की गई थी। विधायक सर्किट हाउस से निकलकर एयरपोर्ट गये और प्लेन में भी सवार हो गये थे लेकिन फॉग की वजह से दृश्यता काफी कम थी और उड़ान को परमिशन नहीं मिली। इसे तब कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने बीजेपी की साजिश बताया था। गौरतलब है कि सत्ताधारी दल के विधायक 29 जनवरी की शाम से ही सर्किट हाउस में रह रहे हैं। सियासी संकट में टूट की आशंका के मद्देनजर ऐसा किया गया था।