द फॉलोअप डेस्क
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत 30 मार्च से 1 अप्रैल तक रायपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के खेलों में झारखंड की महत्वपूर्ण भागीदारी देखने को मिलेगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में लोहरदगा जिले की बेटी कोच सुविज्ञा कुमारी कबड्डी टीम का नेतृत्व करेंगी। सुविज्ञा कुमारी लोहरदगा जिले के निंगनी गांव की रहने वाली हैं और उन्होंने कबड्डी खेल में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
यह आयोजन देशभर की जनजातीय प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी और प्रशिक्षक हिस्सा लेंगे। ऐसे में सुविज्ञा कुमारी का चयन झारखंड के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। वह कबड्डी के क्षेत्र में अपने अनुभव, अनुशासन और कुशल प्रशिक्षण के लिए जानी जाती हैं। उनके मार्गदर्शन में टीम से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और खिलाड़ियों के साथ उनकी बेहतर समझ टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक साबित हो सकती है।

गौरतलब है कि सुविज्ञा कुमारी पूर्व में भी कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी और कोच के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं। उनके पास टीम को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने और खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाने का व्यापक अनुभव है। उनकी इस उपलब्धि पर प्राचार्य मदन मोहन पांडे, रामस्वरूप प्रसाद, कोच प्रकाशित मिंज सहित अन्य खिलाड़ियों और जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।