logo

JSLPS : मंत्री दीपिका की मौजूदगी में अपना मार्ट और MVM बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी में हुआ समझौता; ये होगा फायदा

DIPIKA0003.jpg

रांची 
झारखंड के आम बागानों में तैयार आम्रपाली की मिठास अब शहर के मॉल में ग्राहकों को आकर्षित करेगी। इसे लेकर JSLPS की पहल पर अपना मार्ट और गुमला जिले के MVM बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) के बीच समझौता हुआ है। पहले चरण में अपना मार्ट ने FPO से 2 टन आम्रपाली की खरीद की है। समझौते के अनुसार FPO से आम खरीद का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की उपस्थिति में इसकी शुरुआत की गई। इस खास मौके पर JSLPS के CEO अनन्य मित्तल और अपना मार्ट के स्टेट CEO मनोज पांडेय मौजूद रहे। राज्य में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत की गई आम बागवानी से तैयार आम रांची के सभी अपना मार्ट मॉल में उपलब्ध रहेंगे।

ये है JSLPS का उद्देश्य 
JSLPS का उद्देश्य राज्य के सुदूर ग्रामीण इलाकों में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी से तैयार आम का सही मूल्य दिलाना है। गुमला जिले के MVM बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) से जुड़ी भगवती देवी, करुणा देवी एवं कुमवारी बरवा ने इस पहल को लेकर JSLPS और विभागीय मंत्री का विशेष आभार प्रकट किया है। आम बागवानी से जुड़ी दीदियों ने कहा कि अब तक वे गांव के हाट-बाजार में ही सस्ते दर पर आम बेचने को मजबूर थीं। लेकिन इस बार अपना मार्ट से आम खरीद का ऑर्डर मिलने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। दोगुनी दर पर उनके बागान का आम JSLPS के सहयोग से अपना मार्ट ने खरीदा है। यह राशि उनके परिवार के बेहतर भविष्य और खासकर बच्चों की शिक्षा में मददगार साबित होगी। इसके साथ ही भविष्य में आम की पैदावार में कैसे बढ़ोतरी हो, इसका वे हर संभव प्रयास करेंगी।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा ये बेहतर शुरुआत
ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस मौके पर कहा कि यह एक बेहतर शुरुआत है। JSLPS की टीम ने आम बागवानी से जुड़ी दीदियों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। यह मुस्कान आगे भी इसी तरह बनी रहे और राज्य के ज्यादा से ज्यादा FPO को भी अपने उत्पाद का अधिक से अधिक मुनाफा मिल सके, इसकी कोशिश जारी रहेगी। बाजार में आम की मांग के अनुरूप वाजिब दर पर आम की उपलब्धता विभाग का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से महिला आजीविका सशक्त होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस मौके पर JSLPS के COO विष्णु परिदा, विनोद पांडेय, तापस रंजन बेहरा, संजय दास, अपना मार्ट के कैटेगरी हेड सुलभ बंसल, FPO अध्यक्ष भगवती देवी, करुणा देवी, सचिव के. बरवा और राहुल कुमार साहू मौजूद थे।

Tags - JSLPS Amrapali Mango Farmer Producer Company Apna Mart Rural Livelihood