द फॉलोअप, बोकारो:
Jharkhand News: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन की ओर से शहरी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात करीब 300 होमगार्ड (Home Guard) जवानों को हटाकर निजी सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से व्यवस्था संचालित करने की तैयारी का विरोध शुरू हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने प्रबंधन के इस प्रस्तावित कदम के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। पार्टी का कहना है कि इस फैसले से वर्षों से सेवा दे रहे जवानों और उनके परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि जवानों के रोजगार और सम्मान की रक्षा के लिए जरूरत पड़ी तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि बीएसएल प्रबंधन (BSL Management) का यह प्रस्ताव स्थानीय झारखंडी युवाओं की रोजी-रोटी पर असर डालने वाला है। होमगार्ड जवान लंबे समय से बोकारो की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। उन्हें हटाकर निजी सुरक्षा एजेंसी (Private Security Agency) को जिम्मेदारी सौंपना उचित नहीं है। उनके अनुसार, ये जवान केवल सुरक्षाकर्मी नहीं, बल्कि प्रशिक्षित बल हैं। इन्हें छह माह का पुलिस प्रशिक्षण मिला है और शहर की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय परिस्थितियों तथा सुरक्षा व्यवस्था की बेहतर जानकारी है।

उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है
झामुमो महानगर अध्यक्ष (JMM Metropolitan President) ने भुगतान व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान में होमगार्ड जवानों को 30 हजार रुपये से अधिक का भुगतान किया जाता है, जिसका खर्च बीएसएल प्रबंधन उठाता है। वहीं, निजी सुरक्षा एजेंसियां 10 से 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर गार्ड उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शहर की सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी केवल लागत कम करने के आधार पर तय की जानी चाहिए। निजी एजेंसी के गार्डों की नियुक्ति में पहचान सत्यापन, पुलिस जांच, प्रशिक्षण और सुरक्षा संबंधी दक्षता सुनिश्चित करने की क्या व्यवस्था होगी, इस पर प्रबंधन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। मंटू यादव ने कहा कि एक ओर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और झारखंड के लोगों के हितों की रक्षा की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक क्षेत्र के बड़े प्रतिष्ठान में वर्षों से सेवा दे रहे करीब 300 जवानों को हटाने की तैयारी की जा रही है। इससे उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रबंधन से पूछा कि प्रशिक्षित स्थानीय जवानों को हटाने की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है।

वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था जारी रखने की मांग
मंटू यादव ने बीएसएल प्रबंधन से प्रस्तावित योजना पर पुनर्विचार करने और वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था जारी रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि लागत कम करने के नाम पर स्थानीय युवाओं का रोजगार प्रभावित करना और सुरक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होना उचित नहीं है। प्रबंधन को इस मामले में जवानों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने प्रस्तावित फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो झामुमो इस मुद्दे को लेकर चरणबद्ध आंदोलन (Phased agitation) करेगा। मामले को बीएसएल प्रबंधन से लेकर संबंधित उच्च अधिकारियों तक उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब 300 जवानों और उनके परिवारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। झामुमो स्थानीय युवाओं के रोजगार, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।