logo

झारखंड में जमीन रजिस्ट्री और म्यूटेशन ठप, 8 मई तक बंद रहेगा पोर्टल; कब बहाल होगी झारसेवा

mutation_land.jpg

द फोलोअप डेस्क 
झारखंड में जमीन की रजिस्ट्री और म्यूटेशन जैसे जरूरी कामों के लिए परेशान लोगों को अभी थोड़ा और इंतज़ार करना होगा। पिछले एक सप्ताह से रांची सहित राज्यभर के निबंधन और अंचल कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा है। सर्वर के अपग्रेडेशन और आईपी एड्रेस की मैपिंग की वजह से 8 मई तक झारसेवा पोर्टल बंद रहेगा, जिसके 9 मई को दोपहर बाद बहाल होने की उम्मीद है।
8 मई सर्वर बंद, 9 मई से काम शुरू
जानकारी के मुताबिक, लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि 8 मई को भी झारसेवा सर्वर पूरी तरह बंद रहेगा। 9 मई को दोपहर 12 बजे के बाद शुरू होने की संभावना है।  इसके बाद ही जमीन- फ्लैट की रजिस्ट्री और अंचलों में म्यूटेशन का काम होगा। दरअसल, राज्यभर के सभी राजस्व कार्यालयों में लगाए गए डेस्कटॉप और लैपटॉप के आईपी एड्रेस को झारनेट फायर बॉल के साथ मैपिंग किया जा रहा है। इस वजह से पिछले एक सप्ताह से काम-काज प्रभावित है। राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग की उप निदेशक नूतन कुमारी ने सभी जिलों के अपर समाहर्ता और अवर निबंधकों को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।सर्वर सुधार के लिए IP और MAC ID में बदलाव जारी
अंचल कार्यालयों में दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व कार्यों के लिए झारनेट सर्वर को जोड़ा गया था। सीओ, अंचल निरीक्षक और राजस्व उप-निरीक्षकों को कार्यालय में रहकर ही कार्य निपटाने के निर्देश थे, लेकिन सर्वर की धीमी गति के कारण काम की रफ्तार काफी कम हो गई थी। इसी समस्या के समाधान के लिए वर्तमान में सर्वर में सुधार किया जा रहा है, जिसके तहत आईपी एड्रेस IP Address और एमएसी आईडी MAC ID में बदलाव की प्रक्रिया जारी है।
 

Tags - Jharkhand NewsLand RegistryJharsewa PortalMutation ProcessRanchi News