logo

झारखंड में 24–26 अप्रैल तक बारिश का अलर्ट, 60 किमी की स्पीड से चलेगी हवा; जानें आपके जिले का हाल

garmi3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में अभी मौसम शुष्क है, लेकिन जल्द ही इसमें बदलाव होने के आसार हैं। मौसम विभाग के रांची केंद्र के ताजा अनुमान के अनुसार, आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रभावों को प्रमुख कारण बताया गया है।

24 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज
24 अप्रैल से राज्य के पूर्वी इलाकों में मौसम का रुख बदलना शुरू हो जाएगा। इस दौरान आंशिक बादल छाने लगेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। 25 और 26 अप्रैल को उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 कई जिलों में अलर्ट, गर्मी अब भी बरकरार
हाल के दिनों में हल्की बारिश के बावजूद राज्य में गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया। डालटनगंज में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रांची में 38.6 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और दुमका जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

 

Tags - Jharkhand weather IMD forecast weather update rainfall alert heatwave relief temperature drop thunderstorm alert Jharkhand Weather News IMD Rain Alert Heatwave Ranchi Weather