द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के कई जिलों में आज बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ तेज हवा और बारिश हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात की भी संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 18 अप्रैल को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इधर, 19 और 20 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। 19 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू की स्थिति रहेगी, जबकि 20 अप्रैल को इन जिलों के साथ सरायकेला-खरसांवा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम सिंहभूम भी इसकी चपेट में रहेंगे।

बढ़ती गर्मी के बीच कई जिलों का तापमान 40 पार
दूसरी ओर, राज्य में गर्मी भी लगातार बढ़ती जा रही है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। जमशेदपुर में 40.2, डाल्टेनगंज में 42.6, चाईबासा में 40.3 और सरायकेला में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

अगले दिनों में तापमान और बढ़ने के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान डाल्टेनगंज में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।