logo

झारखंड में अगले 2 दिन लू का अलर्ट, 24 अप्रैल से कई जिलों में बारिश

पाोू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी हिस्सों के कुछ जिलों को छोड़कर राज्य के बड़े हिस्से में तापमान ऊंचा बना रहेगा। हालांकि 24 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जब कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।


दक्षिणी जिलों में बादल और हल्की बारिश के आसार
रांची मौसम केंद्र के मुताबिक, बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, गुमला, सिमडेगा और खूंटी जैसे जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है। वहीं 24 अप्रैल से पलामू सहित आसपास के कुछ जिलों में भी मौसम करवट ले सकता है। हालांकि गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और लातेहार में गर्मी का प्रकोप फिलहाल कम होने के आसार नहीं हैं।

43.4 डिग्री पहुंचा तापमान, कई जिले लू की चपेट में
मंगलवार को मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची का तापमान 38.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, कोल्हान, बोकारो और कोडरमा समेत कई जिलों में लू का असर देखा गया। इस बीच पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और जमशेदपुर समेत कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पूर्वी बिहार से मध्य प्रदेश तक फैली टर्फ लाइन के कारण राज्य के मौसम में यह बदलाव हो रहा है।

 

Tags - Jharkhand weather heatwave alert Ranchi weather update temperature rise India weather news cyclone circulation trough line rainfall forecast Jharkhand Weather News Heatwave Ranchi Rain Alert Temperature India News IMD