logo

झारखंड में 35 लाख इन्यूमरेशन फॉर्म वापस नहीं लौटे, क्या है SIR की स्थिति!

SIR1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। राज्यभर में 29 जुलाई तक एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है। अब तक 2,64,63,236 मतदाताओं में से 2,64,36,310 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं, जबकि 35,38,762 फॉर्म अब भी वापस नहीं आ सके हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदाताओं द्वारा भरे और हस्ताक्षरित 2,15,91,889 एन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। इन मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।


एसआईआर में लाखों मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं की पहचान
अब तक चली एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 7,10,090 मृत मतदाता, 10,43,441 ऐसे मतदाता जिनका पता नहीं चल सका या जो अनुपस्थित पाए गए, 13,82,101 स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता, 3,68,425 अन्य स्थानों पर पहले से नामांकित मतदाता तथा 34,705 ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई है जिन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया। वहीं, राज्यभर में एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइजेशन की कुल संख्या बढ़कर 2,51,30,651 तक पहुंच गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए इन आंकड़ों का सत्यापन लगातार किया जा रहा है।


रांची जिले में 99.95 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचे फॉर्म
रांची जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य मिशन मोड में चल रहा है। जिला प्रशासन की ओर से एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, डिजिटाइजेशन और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा सत्यापन का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। 25 जुलाई की रात 8 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले के कुल 26,74,681 मतदाताओं में से 26,73,250 मतदाताओं को फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 99.95 प्रतिशत है। इनमें से 23,18,639 फॉर्म यानी 86.69 प्रतिशत का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जबकि 18,59,840 फॉर्म यानी 80.21 प्रतिशत का बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन भी कर लिया गया है। इसके अलावा 32,097 मतदाताओं ने अपना फॉर्म ऑनलाइन जमा किया है।


डिजिटाइजेशन में रांची विधानसभा सबसे आगे
विधानसभावार प्रगति की बात करें तो रांची विधानसभा क्षेत्र डिजिटाइजेशन में सबसे आगे है, जहां 92.49 प्रतिशत फॉर्म ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं तमाड़, सिल्ली और मांडर विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ सत्यापन का प्रतिशत 90 प्रतिशत या उससे अधिक पहुंच चुका है। हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या अधिक होने के बावजूद वहां भी तेजी से कार्य जारी है। रांची जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण लगभग पूरा हो चुका है। तमाड़ में 99.99 प्रतिशत, सिल्ली में 99.99 प्रतिशत, खिजरी और रांची में 99.98 प्रतिशत, हटिया में 99.92 प्रतिशत, कांके में 99.91 प्रतिशत तथा मांडर में 99.90 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। जिला प्रशासन अब शेष फॉर्म के संग्रहण, डिजिटाइजेशन और सत्यापन पर विशेष जोर दे रहा है।


उपायुक्त ने फॉर्म जमा करने की अपील
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शेष मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी विलंब के अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपें या ऑनलाइन माध्यम से जमा करें। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) और बीएलओ को निर्देश दिया है कि वितरण, डिजिटाइजेशन और सत्यापन के शेष कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें, ताकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Tags - Jharkhand Election VoterList Ranchi SIR