रांची
रांची सहित पूरे झारखंड में मंगलवार को बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से शुरू हुई लगातार बारिश पूरे दिन जारी रही, जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया। रांची में दिनभर में लगभग 16 से 20 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए भी रांची समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 30 जुलाई तक राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
22 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, देवघर, दुमका, पलामू, गुमला, लोहरदगा, लातेहार समेत 22 जिलों के लिए बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। विशेष रूप से लोगों को खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं बारिश के चलते वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। 
पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में भारी बारिश
डीप डिप्रेशन के प्रभाव से पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी और सिमडेगा जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिनों तक इन क्षेत्रों में भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है। लगातार सक्रिय मानसून का असर पूरे दक्षिणी और मध्य झारखंड में देखने को मिल रहा है।.jpeg)
रांची के कई इलाकों में जलजमाव, जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण राजधानी रांची के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई। लालपुर, हरमू, किशोरगंज, अशोक नगर, कांटा टोली, पंडरा और डोरंडा सहित कई इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं और वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।तेज बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। कोकर, महावीर नगर, सुंदर विहार, पहाड़ा मंदिर, रातू रोड और धुर्वा समेत कई इलाकों में दिनभर बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। बिजली विभाग के अनुसार बुधवार को भी मरम्मत कार्य के कारण कुछ क्षेत्रों में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रह सकती है। खराब मौसम के कारण शहर की सामान्य दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
बारिश बढ़ी, लेकिन अब भी सामान्य से 26 प्रतिशत कम वर्षा
राज्य में हाल के दिनों में बारिश की रफ्तार तेज हुई है, लेकिन मानसून का कुल आंकड़ा अब भी सामान्य से पीछे है। 1 जून से 28 जुलाई तक झारखंड में सामान्य 478.3 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 352.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसतन 26 प्रतिशत कम है। कई जिलों में स्थिति और गंभीर बनी हुई है। चतरा (-61%), गढ़वा (-62%), पाकुड़ (-60%), देवघर (-56%) और गोड्डा (-50%) में 50 प्रतिशत से अधिक वर्षा की कमी दर्ज की गई है। वहीं बोकारो (-36%), गिरिडीह (-47%), कोडरमा (-52%) और पलामू (-41%) में भी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।
कुछ जिलों में सामान्य के करीब पहुंची वर्षा
हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की स्थिति बेहतर रही है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सिमडेगा (-3%) और सरायकेला-खरसावां (-1%) में वर्षा लगभग सामान्य स्तर पर रही। राजधानी रांची में अब तक 17 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बनी रही तो वर्षा की कमी की आंशिक भरपाई होने की उम्मीद है।