logo

झारखंड में बढ़ेगी गर्मी की मार, 19 से 21 अप्रैल तक कई जिलों में लू का अलर्ट

garmi3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड का मौसम तेजी से बदल रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 19 से 21 अप्रैल के बीच राज्य के कई जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। 19 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे इलाकों में लू चलने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 


धीरे-धीरे बढ़ेगा असर
20 अप्रैल तक यह गर्मी और फैल सकती है, जब पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे जिलों में भी लू का असर दिखने लगेगा। 21 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो सकती है, क्योंकि खूंटी और सिमडेगा सहित कई इलाकों में तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने को कहा है।


बारिश के बाद बढ़ी गर्मी
पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 37.4 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में हुई, जबकि राजधानी रांची में सिर्फ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। इस दौरान डालटनगंज में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा, वहीं कोडरमा में न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


आगे और चढ़ेगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। 18 अप्रैल से आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। रांची समेत कई जिलों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि कुछ इलाकों में यह 44 डिग्री तक जा सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिन के समय खास सतर्कता बरतने की जरूरत है।

 

Tags - Jharkhand Heatwave Weather Alert Temperature Summer Ranchi IMD India Weather