द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: गोड्डा (Godda) में 12 साल की बच्ची की हत्या (Minor Murder in Godda) की गुत्थी सुलझा लेने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस ने इस केस में मृतका के बहनोई मनोज मुर्मू को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पुरानी पारिवारिक रंजिश का बदला लेने के इरादे से बच्ची का कत्ल किया गया था। गौरतलब है कि बच्ची की सिरकटी लाश उसके गांव में मिली थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी अनुसंधान के अलावा स्थानीय स्तर पर भी जानकारी इकट्ठी की थी।

मृतका की बड़ी बहन से था विवाद
छानबीन के क्रम में मनोज मुर्मू का नाम सामने आया। पुलिस ने मनोज को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बच्ची की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। बताया जा रहा है कि मृत बच्ची की मंझली बहन सोजा मरांडी और आरोपी मनोज मुर्मू के बीच पिछले करीब 3 वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने बच्ची की हत्या कर दी थी।