पूर्वी सिंहभूम:
बहरागोड़ा थानाक्षेत्र के उईनाला गांव में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। जिस घर में 21 अप्रैल को बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं, उसी घर के 24 वर्षीय अनिमेष साहू का शव काजू बागान में पेड़ से लटका मिला। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। शुक्रवार शाम ग्रामीणों की नजर गांव के काजू बागान में एक पेड़ से गमछे के सहारे लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

2.5 लाख रुपये ऑनलाइन गेम में गंवाए
बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के अनुसार, मृतक की बहन की शादी थी, जिसके लिए करीब 2.5 लाख रुपये उसके बैंक खाते में रखे गये थे। अनिमेष ने ऑनलाइन गेम में यह राशि गंवा दी थी, जिसके बाद वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में चला गया। इसी दबाव में उसने आत्मघाती कदम उठाया होगा।
पुलिस का कहना है कि बहन की शादी और आर्थिक दबाव का बोझ युवक पर भारी पड़ रहा था। फिलहाल यूडी केस दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

ग्रामीणों ने युवक की हत्या का आशंका जताई
हालांकि, घटना को लेकर गांव में कई सवाल भी उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही हों, वहां इस तरह की घटना सहज नहीं लगती। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
दूसरी ओर घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अब सदमे में है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। पूरे गांव में शोक और अविश्वास का माहौल है, जहां एक ओर शादी की खुशियां होनी थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है।