logo

जमशेदपुर में पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर पति की पीट-पीटकर हत्या

जमशेदपुर में पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर पति की पीट-पीटकर हत्या

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कदमडीह स्थित रेंगटाडीह में पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पहुंचे पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान घोड़ाडीह निवासी 44 वर्षीय परमेश्वर सिंह सरदार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी बुधराई सोय शराब के नशे में मृतक के घर में घुस गया था और वहां मौजूद उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी व बदसलूकी की थी। उस समय परमेश्वर घर पर नहीं था। विरोध करने पर आरोपी ने घर में हंगामा किया और परिजनों के साथ दुर्व्यवहार कर वहां से चला गया।


घटना की जानकारी मिलने पर परमेश्वर अपने एक साथी के साथ आरोपी के घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बुधराई सोय ने परमेश्वर की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पत्नी बिमला देवी के बयान पर आरोपी बुधराई सोय उर्फ आमठुक के खिलाफ हत्या और बदसलूकी का मामला दर्ज किया गया है। 


पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बच्चे और मां को छोड़ गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।