जमशेदपुर
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर तस्कर प्लास्टिक के बड़े बोरों में सोयाबीन बड़ी के बीच गांजा छिपाकर ले जा रहे थे. लेकिन रेलवे सुरक्षा बल ने 75 किलो गांजा पकड़ा और 4 तस्करों को गिरफ्तार किया. टाटानगर रेलवे स्टेशन पर अब तक की यह सबसे बड़ी गांजा बरामदगी मानी जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार, रवि कुमार उर्फ बेंगा, मोहित कुमार सिंह और राजा सोनार उर्फ राज के रूप में हुई है. सभी तस्कर बिहार के पश्चिमी चंपारण, बेतिया के निवासी बताए जा रहे हैं.
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ओडिशा के विभिन्न इलाकों से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे और यहां से गोरखपुर और बेतिया भेजने की तैयारी में थे. तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए प्लास्टिक के बड़े बोरों में बीच में गांजा रखा था, जबकि ऊपर-नीचे और चारों ओर सोयाबीन बड़ी भर दी थी, ताकि किसी को शक न हो. संदेह के आधार पर आरपीएफ टीम ने बोरों की जांच की और तलाशी में पूरा मामला उजागर हो गया. यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट कमांडर राकेश मोहन के नेतृत्व में की गई. फिलहाल सभी आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है. तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.
