logo

रिटायर्ड जज की जमीन का बाउंड्री वॉल तोड़े जाने के मामले में हाई कोर्ट में सशरीर हाजिर हुए डीजीपी  

रिटायर्ड जज की जमीन का बाउंड्री वॉल तोड़े जाने के मामले में हाई कोर्ट में सशरीर हाजिर हुए डीजीपी  

द फोलोअप डेस्क 

रांची- सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज स्व एमवाई इकबाल की जमीन पर कब्जा और बाउंड्री वॉल तोड़े जाने के मामले की सुनवाई हाई कोर्ट में गुरुवार को हुई। इस दौरान हाई कोर्ट के आदेश पर डीजीपी अजय कुमार सशऱीर कोर्ट में हाजिर हुए। कोर्ट ने डीजीपी को एक माह में निजी तौर पर शपथ पत्र दाखिल कर भू-माफिया पर एक्शन लेने और अपराध नियंत्रण के लिए किये गये उपायों से अवगत कराने का आदेश दिया है। गौरतलब है कि स्व एमवाई इकबाल की यह जमीन राजधानी के फतेउल्लाह रोड में स्थित है। भू-माफिया ने जमीन पर कब्जा के इरादे से इसकी बाउंड्री वॉल तोड़ दी थी। कोर्ट ने डीजीपी से यह जानकारी भी मांगी है कि सूबे में अपराध का ग्राफ क्यों बढ़ रहा है। रात के समय पीसीआर वाहन कम नजर आते हैं। शहर में छिनतई की घटनाएं बढ़ी हैं। 


राज्य सरकार ने दाखिल किया शपथ पत्र
इस मामले में राज्य सरकार की ओर से शपथ पत्र दाखिल गया है। इसमें बताया गया है कि जमीन के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी हो रही है। वैसे जमीन कारोबारी जिनके खिलाफ पांच से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, उनको जिला बदर किया जायेगा। जिनके खिलाफ चार केस दर्ज हैं, उनको प्रत्येक 15 दिन में थाने में उपस्थित होना होगा। जिन जमीन कारोबारियों पर तीन मुकदमे हैं, उनसे बांड भरा कर चेतावनी दी जायेगी। बताया कि भू-माफिया से निबटने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसआईटी) बनाया जायेगा। यह फोर्स एससी-एसटी केस, महिला उत्पीड़न के मामले भी देखेगी। 

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9Nव