logo

गोड्डा में विवाहिता की मौत, पति पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप

गोड्डा में विवाहिता की मौत, पति पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मृतका की पहचान विजेता कुमारी के रूप में हुई है। उसकी मां ने दामाद नीतीश कुमार गुप्ता पर बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद ससुराल वालों ने फोन कर विजेता के आत्महत्या करने की सूचना दी थी। इसके बाद मायके पक्ष के लोग अमरपुर पहुंचे। उन्होंने विजेता के शरीर पर जख्म के निशान होने का दावा किया। बुधवार की शाम परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। हालांकि, हत्या के आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दूसरी लड़की से बातचीत को लेकर होता था विवाद

परिजनों के अनुसार, विजेता महागामा थाना क्षेत्र के माल खदहारा गांव की रहने वाली थी। वर्ष 2020 में उसकी शादी अमरपुर निवासी नीतीश कुमार गुप्ता से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। मृतका की मां का आरोप है कि पति की किसी दूसरी लड़की से बातचीत को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। विजेता इसका विरोध करती थी। मां के मुताबिक, इस विवाद को लेकर नीतीश पहले भी बेटी के साथ मारपीट कर चुका था। उन्होंने आशंका जतायी कि इसी विवाद के कारण उनकी बेटी की हत्या की गयी। मां ने आरोप लगाया कि नीतीश ने गला दबाकर विजेता की जान ले ली। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

Tags - Godda News Jharkhand News Married Woman Death Murder Allegation Police Investigation