logo

सीबीएसई से मान्यता प्राप्त 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम बच्चे करेंगे पढ़ाई, कल CM हेमंत करेंगे उद्घाटन

1552.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के सरकारी स्कूलों के बच्चे अब अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करेंगे। दरअसल शिक्षा को लेकर संजीदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की परिकल्पना अब मूर्तरुप ले रही है। राज्य के वंचित और गरीब बच्चों को समय की मांग के अनुरूप उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त करने का सपना अब साकार होगा। दरअसल मुख्यमंत्री कल यानी 02 मई 2023 को जिला स्तरीय 80 उत्कृष्ट विद्यालय का शुभारंभ रांची के धुर्वा स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय से करेंगे। इस स्कूल को भी उत्कृष्ट विद्यालय में तब्दील किया गया है। मालूम हो कि ये सभी 80 विद्यालय सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हैं  इन स्कूलों में बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। झारखंड के इतिहास में पहली बार होगा, जब सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों के तर्ज पर विकसित करने की सोच को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। बताते चलें कि हेमंत सरकार ने पूरे राज्य में 80 जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय, 325 प्रखंड स्तरीय लीडर स्कूल और 4,091 ग्राम पंचायत स्तरीय आदर्श विद्यालय बनाने एवं सरकारी स्कूल के 15 लाख से अधिक बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य तय किया है।

महामारी ने रोकी थी रफ्तार
सरकार गठन के बाद से ही मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के निर्माण कार्य एवं सीबीएसई संबद्धता को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए गंभीर थे। मगर दो वर्ष तक कोरोना संक्रमण काल ने विद्यालयों के निर्माण कार्य को प्रभावित किया। लेकिन जीवन सामान्य होने के बाद जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालयों के काम में तेजी लाने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया। वे लगातार निर्माण कार्य, शिक्षकों का प्रशिक्षण, सीबीएसई संबद्धता समेत अन्य प्रक्रियाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश देते रहे। उसका ही प्रतिफल है कि इन विद्यालयों में अत्याधुनिक आधारभूत संरचना, लाइब्रेरी, सांइस लैब, डिजिटल स्मार्ट क्लास, सूचना प्रौद्योगिकी का मजबूत ढांचा, खेल प्रशिक्षण समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रधानाध्यापक को दिलाया गया है प्रशिक्षण
80 उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण दो चरणों में नेशनल सेंटर फॉर स्कूल लीडरशिप द्वारा कराया जा चुका है। यह प्रशिक्षण अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा पूर्ण कर लिया गया है। जनवरी माह में प्रधानाध्यापकों में क्षमता वर्धन के लिए आईआईएम द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।

11 ट्रेड में व्यवसायिक प्रशिक्षण भी मिलेगी
इन उत्कृष्ट विद्यालयों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाने के साथ व्यवसायिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। बच्चों को एग्रीकल्चर, आईटी, आईटीईएस, अपारेल एंड मेडअप एंड होम फर्निशिंग, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, ऑटोमोटिव, टूरिज्म एंड हॉस्पिटालिटी समेत अन्य ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। संबंधित ट्रेड से जुड़े राज्य स्तरीय प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों के साथ इंडस्ट्रियल फील्ड विजिट की व्यवस्था की जा रही है ताकि भावी जीवन में उनके रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सके।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT