द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: झारखंड में स्वास्थ्य सेवा (Health Service of Jharkhand) चरमरा सकती है। मरीजों को हलकान होना पड़ेगा। दरअसल, 108 एंबुलेंस सेवा (108 Ambulance Service) के कर्मचारी बुधवार देर शाम करीब 8 बजे से हड़ताल पर चले गए हैं। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर राज्यभर के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM, Jharkhand) के दफ्तर के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

3 महीने का वेतन बकाया है
दरअसल, 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों का अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन बकाया है। संघ का आरोप है कि फरवरी 2025 से अब तक मनमाने ढंग से वेतन में कटौती की गई है। संघ ने इसके अलावा वेतन भुगतान से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों की हाईलेवल जांच की भी मांग की है। उनका आरोप है कि खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि का भुगतान किया जा रहा है। कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी बनाने और एंबुलेंस की मरम्मत अपनी राशि से कराने का दबाव भी बनाया जाता है।

झारखंड में एंबुलेंस सेवा की लचर व्यवस्था
गौरतलब है कि झारखंड में एंबुलेंस सेवा की लचर व्यवस्था से कोई भी अनभिज्ञ नहीं है। एंबुलेंस के खराब होने की शिकायत मिलती है। उनमें जरूरी जीवनरक्षक उपकरण नहीं होते। यह पहली बार नहीं है जब एंबुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर गए हैं। विभिन्न मांगों को लेकर वे पहले भी धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायत है कि विभाग उनकी समस्याओं को लेकर संवेदनशील नहीं है।