द फॉलोअप डेस्क
रांची में सेना की जमीन सहित अन्य जमीन घोटाले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी की कार्रवाई कल से और तेज हो जाएगी। 01 मई (सोमवार) को रांची के सब रजिस्ट्रार रहे वैभव मनी त्रिपाठी से पूछताछ का सिलसिला शुरू होगा। इसके बाद 02 मई को त्रिदीप मिश्रा (एडिशनल रजिस्ट्रार ऑफ एश्योरेंस कोलकाता ) से पूछताछ होगी। इसके बाद 4 मई को रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन से पूछताछ होगी। पहले उन्हें 01 मई को पूछताछ के लिए बुलाने की सूचना मिली थी। वहीं, व्यवसायी विष्णु अग्रवाल से 8 मई को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

छवि रंजन को बताया गया है मास्टरमाइंड
सेना जमीन घोटाले मामले में सात आरोपियों को ईडी ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने ईडी की पूछताछ में जमीन घोटाले का मास्टरमाइंड छवि रंजन को बताया है। उन्होंने यह भी कहा है कि उनके कहने पर ही जालसाजी की गई।

कई और करीबियों से ईडी कर सकती है पूछताछ
ईडी ने कुछ दिन पहले ही आईएएस छवि रंजन के सहयोगियों व जमीन के धंधेबाजों के यहां छापेमारी की थी। जानकारी के अनुसार इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज ईडी को मिले थे। इन ठिकानों में जमशेदपुर के रवि सिंह भाटिया, श्याम सिंह, रांची के विपिन सिंह, शेखर कुशवाहा व प्रियरंजन सहाय आदि शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनके आवास से बरामद दस्तावेजों की ईडी जांच कर रही है। ऐसे में जल्द ही इन आरोपियों से भी ईडी अपने कार्यालय में पूछताछ कर सकती है। बताया जा रहा है कि इन लोगों में पूर्व डीसी छवि रंजन के कई लोगों से काफी नजदीकी रिश्ता है।

13 अप्रैल को ईडी ने की थी छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आइएएस अधिकारी छवि रंजन, सीओ, राजस्व कर्मचारी सहित कई जमीन माफियाओं के यहां एक साथ 13 अप्रैल को छापेमारी की थी। गौरतलब है कि छवि रंजन सहित अंचलाधिकारियों पर नियमों का उल्लंघन कर जमीन की खरीद-बिक्री को मंजूरी देने का आरोप है। रांची के बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री मामले में रांची जिला प्रशासन की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। दोनों ही जगहों पर जमीन की खरीद करने वाले, रजिस्ट्री करने वाले व्यक्ति, सरकारी पदाधिकारी जिनकी भूमिका रजिस्ट्री म्यूटेशन में है, वह ईडी के रडार पर हैं। सेना जमीन खरीद में फर्जीवाड़ा के मामले में ईडी मनी लाउंडिंग के पहलूओं पर जांच कर रही है। सेना से मिले दस्तावेजों के मुताबिक जमीन की खरीद बिक्री में बड़ी गड़बड़ी की पुष्टि भी हुई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT