logo

झारखंड में मौसम शुष्क, दिन में बढ़ी गर्मी, अगले एक हफ्ते तक सुबह कोहरा

HDDD.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध देखी गई, हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ा, आसमान साफ होता गया। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकतम तापमान में 2.1 से 4.0 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है।

 

कई स्थानों पर तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज हुआ। मौसम में आए इस बदलाव के पीछे ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बताया जा रहा है, जिससे ठंडी हवाओं की तीव्रता कम हो गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि झारखंड में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा या धुंध छाने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। उत्तरी झारखंड के कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

जिलावार तापमान की बात करें तो उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर-पश्चिमी जिलों कोडरमा, चतरा, गढ़वा और पलामू में दिन का तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, गुमला और खूंटी में अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं दक्षिणी झारखंड के पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां राज्य के सबसे गर्म इलाके बने रहेंगे, जहां तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

रांची और आसपास के क्षेत्रों में 25 से 29 जनवरी तक सुबह कोहरा या धुंध छाने के बाद आंशिक बादल या साफ आसमान रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन सुबह के समय कोहरे और दिन में बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।