द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश दर्ज की गई, और मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने 8 अप्रैल के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ तेज गर्जन और वज्रपात हो सकता है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से पेड़-पौधों, बागवानी और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। खुले स्थानों पर मौजूद लोगों और मवेशियों के लिए भी खतरा बना रहता है।

लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान घर के अंदर ही रहें, खिड़की-दरवाजे बंद रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि बाहर हों, तो किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें, लेकिन पेड़ों के नीचे खड़े होने से परहेज करें। साथ ही मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है।