द फॉलोअप डेस्क
विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के पक्ष में जनादेश के लिए झारखंडी जनता का आभार करने के लिए भाकपा माले ने चलकरी में जोहार झारखंड संकल्प यात्रा निकाली। यह यात्रा पुरनाडीह पार्टी कार्यालय से शहीद स्मारक तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान राज्य कमेटी सदस्य भुवनेश्वर केवट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में केवट ने कहा कि राज्य में इंडिया गठबंधन की जीत नफरत और हिंसा की राजनीति के खिलाफ सद्भाव और भाईचारे की जीत है। भाजपा को जन मुद्दों के बजाय फर्जी और फालतू मुद्दों पर बरगलाने की राजनीति करने के लिए झारखंड की जनता से माफी मांगना चाहिए। यह जनादेश लूट और झूठ के खिलाफ है। इसके साथ ही भुवनेश्वर केवट ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन झारखंड समेत अन्य छोटे राज्यों के हितों पर प्रहार है। इस दौरान अपने संबोधन में केवट ने केंद्र सरकार से राज्य का बकाया एक लाख छत्तीस करोड़ बकाया भुगतान करने की बात भी कही।
वहीं, यात्रा में जिला कमिटी के सदस्य पंचानन मण्डल ने कहा कि झारखंडी जनता की उम्मीदों के अनुरूप राज्य सरकार मजबूती से पहले करें। सरकार युवाओं के पलायन, बेरोजगारी, विस्थापन, जंगल जमीन खनिज की लूट पर रोक लगाएं। इसके साथ ही गैरमजरूआ जमीन की रसीद और न्यूनतम मजदूरी समेत नियोजन की नीति पर अमल हो।
बता दें कि जोहार झारखंड संकल्प यात्रा में माले नेता माधव मंडल, युवा नेता राज केवट, इंद्रदेव सिंह, माधो मण्डल, द्वारिका गिरी, खूबलाल नायक, नरेश गिरी, भूषण केवट, मकसूद आलम, रूपलाल केवट, चुनीलाल रजवार, विमल मंडल, शंकर केवट आदी नेताओं ने संबोधित किया।