रांची:
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि कांग्रेस भवन में श्रद्धा भाव से मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने पंडित नेहरू के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में उनका अमूल्य योगदान रहा। वे लगभग दस वर्षों से अधिक समय तक स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जेल में बंद रहे। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात उन्होंने देश को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए दूरदर्शी नीतियों की नींव रखी, जिससे आधुनिक भारत का निर्माण संभव हुआ।
पंडित नेहरू द्वारा प्रतिपादित पंचशील सिद्धांत ने भारत को विश्व मंच पर एक नई पहचान दिलाई। उन्होंने देश के सभी राज्यों को समान अधिकार प्रदान कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। विदेश नीति में गुटनिरपेक्षता को आधार बनाकर उन्होंने भारत के कूटनीतिक संबंधों को सुदृढ़ किया। औद्योगिक विकास और सामाजिक सुधारों को भी उन्होंने अपने शासनकाल में विशेष महत्व दिया।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सोनाल शांति, जगदीश साहू, नवीन सिंह, सुरेन राम, नरेंद्र कुमार लाल, प्रभात कुमार, कामता पासवान, भोलानाथ सिंह, मनोज कुमार सिंह, मोहसिन अहमद, रामबचन पासवान एवं अरुण प्रसाद शामिल थे।