द फॉलोअप डेस्क
रांची सहित झारखंड के गंभीर मरीजों को इमरजेंसी में देश के अन्य अस्पतालों में बेहतर इलाज के लिए अब परेशानी नहीं होगी। कम दर पर झारखंड की हेमंत सरकार यह सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है। दरअसल झारखंड सरकार की एयर एंबुलेंस सेवा 28 अप्रैल से शुरू होगी। 28 अप्रैल यानी शुक्रवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर से दिन के 1:00 बजे सीएम हेमंत सोरेन एयर एंबुलेंस सेवा का शुभारम्भ करेंगें। नई दिल्ली, वाराणसी, हैदराबाद, चेन्नई, लखनऊ, मुंबई, कोलकाता व तिरुपतिआदि शहर के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा शुरू हो रही है। इससे मरीज को देश के अन्य अस्पतालों में बेहतर इलाज के लिए ले जाने की सुविधा मिलेगी। इमरजेंसी सेवा के तहत महज 2 घंटे की सूचना पर एयर एंबुलेंस की सेवा उपलब्ध होगी।

राज्य के कई शहरों में मिलेगी सुविधा
हेमंत सरकार की ओर से शुरू की जा रही यह सुविधा रांची के अलावा राज्य के कई जिलों से मिलेगी। दरअसल राज्य सरकार अपना एयर एंबुलेंस विभिन्न जिलों के स्टेट हैंगर में रहेगी। जानकारी के अनुसार रांची के अलावा देवघर, दुमका, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो व जमशेदपुर की हवाई पट्टी से भी यह सुविधा मिलेगी। संबंधित जिलों के मरीज को इस सुविधा के लिए नागर विमानन विभाग या संबंधित जिलों के डीसी से संपर्क करना होगा।

24 घंटे सेवा रहेगी उपलब्ध
झारखंड सरकार की ये सेवा 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध रहेगी। मतलब किसी भी वक्त इमरजेंसी की स्थिति में मरीज को देश के अन्य असपताल में शिफ्ट करना हो तो आसानी से किया जा सके। बताया जा रहा है कि पूर्व में अस्पतालों से संपर्क करने पर एयर एंबुलेंस दिल्ली या अन्य जगह से आती थी। इसमें छह से सात घंटे लग जाता था। शुल्क भी काफी अधिक लगता था। लेकिन झारखंड सरकार की ओर से इस सेवा के शुरू किए जाने से लोगों को अब एयर एंबुलेंस के लिए दूसरे राज्य के भरोसे नहीं रहना होगा। साथ ही कम शुल्क में ही लोग महज 2 घंटे में ही संबंधित अस्पताल में इलाज के लिए उड़ान भर सकेंगे।

जानें कहां के लिए कितनी राशि तय
रांची-नई दिल्ली : 5 लाख
रांची-मुंबई : 7 लाख
रांची-चेन्नई : 8 लाख
रांची-कोलकाता- 3 लाख
रांची-हैदराबाद : 7 लाख
रांची-वाराणसी : 3.30 लाख
रांची-लखनऊ : 5 लाख
रांची-तिरुपति : 8 लाख
नोट : इसके अलावा किसी अन्य हवाई मार्ग पर परिचालन के लिए 1.10 लाख रुपए प्रति घंटा की दर पर यह सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

पहले भी एयर एंबुलेंस से इलाज के लिए लोगों को भेज चुकी है सरकार
कोरोना संक्रमण काल में मुख्यमंत्री को जानकारी प्राप्त हुई कि रांची निवासी सृष्टि सिंह को लीवर के इलाज के लिए दिल्ली भेजना जरूरी है। तत्काल मुख्यमंत्री ने बच्ची को एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा। ऐसे ही मुख्यमंत्री के आदेश के बाद एसिड अटैक में घायल चतरा निवासी बच्ची को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से 30 अगस्त 2022 को दिल्ली शिफ्ट किया गया।

घायल थाना प्रभारी और जवान का रखा ध्यान
धनबाद के सिंदरी में हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल भौंरा ओपी प्रभारी हिमांशु कुमार को एयर एंबुलेंस से 12 सितंबर 2022 को दिल्ली एम्स भेज गया। वहीं, सात फरवरी 2023 को पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के हाथीबुरु जंगल में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ का जवान संजीव कुमार घायल हुआ था। जवान को मुख्यमंत्री के आदेश पर बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया था। इस तरह जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम लोगों को भी विभिन्न राज्यों में बेहतर इलाज के लिए राज्य सरकार द्वारा एयर एंबुलेंस की सुविधा दी गई।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT