logo

साइकिल से कार्यालय पहुंच रहे छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद गुप्ता

रगज.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने एक प्रेरणादायक पहल शुरू की है। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर खुद उदाहरण पेश करने का संकल्प लिया। इसी के तहत वह प्रतिदिन लगभग दो किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर नगर पंचायत कार्यालय पहुंच रहे हैं। अरविंद गुप्ता की यह पहल केवल कार्यालय आने-जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनजागरूकता का माध्यम भी बन चुकी है। साइकिल से सफर के दौरान वह रास्ते में लोगों से मुलाकात करते हैं, उनकी समस्याएं सुनते हैं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने का संदेश देते हैं। उनकी इस सादगीपूर्ण पहल की नगरवासियों के बीच सराहना हो रही है।


प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पर चिंता
नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद गुप्ता का कहना है कि आज पूरी दुनिया प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। उनका मानना है कि छोटी-छोटी पहल भी बड़ा बदलाव ला सकती है।अरविंद गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि इससे ईंधन की बचत होती है और प्रदूषण भी कम होता है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में छोटे बदलाव अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भी लगातार प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। ऐसे में समाज के हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पर्यावरण के प्रति सजग होना चाहिए।


इलाके में चर्चा का विषय बनी पहल
छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष की यह पहल अब इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोग इसे एक जनप्रतिनिधि की सादगी, जनसरोकार और पर्यावरण के प्रति समर्पण का उदाहरण मान रहे हैं। उनकी यह सोच समाज को सकारात्मक दिशा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य का संदेश देने का काम कर रही है।

 

Tags - Environment Chhatarpur ArvindGupta Cycling GreenInitiative