द फॉलोअप डेस्क
फिल्म द केरल स्टोरी को पश्चिम बंगाल में बैन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि फिल्म की स्क्रीनिंग हुई तो राज्य की शांति-व्यवस्था खराब हो सकती है। इसको लेकर उन्होंने मुख्य सचिव को दिए आदेश में कहा है कि अगर कोई आदेश का उल्लंघन करते दिखे तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, सरकार की ओर से जारी आदेश में भी यही कहा गया है कि अगर किसी थिएटर में फिल्म चल रही हो तो उसे तत्काल हटा लें। बताते चलें कि तमिलनाडु में थिएटर्स मालिकों ने फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी है।

भाजपा फिल्म बनाने के लिए दे रही पैसे
ममता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि उन्हें आशंका है कि द कश्मीर फाइल्स और द केरल स्टोरी के बाद अब बंगाल फाइल्स बनाने की भी तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी, 'द केरल स्टोरी' नाम की फिल्म दिखा रही हैं, जिसकी कहानी मनगढ़ंत है। ममता ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह मनगढ़ंत और गलत कहानी वाली बंगाल फाइल्स बनाने के लिए फिल्मकारों को पैसे दे रही है। कुछ दिनों पहले इनके भेजे एक्टर्स बंगाल आए थे और वो मनगढ़ंत और गलत कहानी वाली फिल्म बंगाल फाइल्स की तैयारी कर रहे हैं।

बंगाल सरकार के खिलाफ करेंगे कानूनी कार्रवाई- विपुल
पश्चिम बंगाल में फिल्म बैन किए जाने पर द केरल स्टोरी के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकारें हमारी बात नहीं मानेंगीं तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे। विपुल ने तमिलनाडु के उन थिएटर्स मालिकों पर भी गुस्सा जाहिर किया जिन्होंने फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी है।

अब फिल्म प्रमोटर भी बन गए हैं पीएम- ओवैसी
IMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने फिल्म को लेकर PM मोदी पर निशाना साधा है। ओवैसी ने कहा कि हमारे पीएम एक्टर होने के साथ-साथ एक फिल्म प्रमोटर भी बन गए हैं। 130 करोड़ लोगों का प्रधानमंत्री एक झूठी फिल्म को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने फिल्म बनाने वालों से सवाल पूछते हुए कहा कि ये फिक्शन है या फैक्ट? तुम कब तक मुसलमानों को बदनाम करके और झूठ बोलकर अपना पेट पालोगे। मालूम हो कि PM नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कर्नाटक की एक रैली में द केरल स्टोरी का जिक्र किया था।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT