द फॉलोअप डेस्क
राजधानी में अपराधियों का हौसला बुलंद है। इन्हें खाकी वर्दी यानि पुलिस का भी डर नहीं है। यही वजह है कि मंगलवार की रात जगन्नाथपुर थाना की पेट्रोलिंग टीम पर अपराधियों ने हमला कर दिया। जिससे दरोगा व एएसआई भी चोटिल हो गए। यह हमला भी तब हुआ जब एक वारंटी को पकड़ने के लिए पुलिस जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के कचनार टोली गई थी। जहां पेट्रोलिंग टीम पर ही अपराधियों ने हमला कर दिया। इस हमले में दारोगा संजय कुमार और एएसआई ललन कुमार को चोट आई। खून भी बहा। जानकारी के अनुसार घायल पदाधिकारियों का इलाज चल रहा है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी भी पुलिस की ओर से जारी है।

पुलिस पर हमले की कई घटनाएं हो चुकी
रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस पर हमले की घटनाएं सामने आईं हैं। बीते दिनों अक्टूबर माह में धुर्वा क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया था। जिसके बाद इस प्रकरण में पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इस मामले के बाद बीजेपी नेता बाबूलाल मरंडी ने लचर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। वहीं, बीते साल ही मांडर में भी भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा चतरा जिले में भी पुलिस के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT