द फॉलोअप डेस्क:
बोकारो में ट्रेजरी स्कैम केस में सीआईडी ने अशोक भंडारी नाम के पुलिस पदाधिकारी को गिरफ्तार किया है। सीआईडी की एसआईटी ने बोकारो ट्रेजरी स्कैम में शामिल एएसआई को गिरफ्तार किया है। एएसआई अशोक भंडारी मौजूदा समय में बोकारो एसपी ऑफिस में अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त थे। अशोक भंडारी पर आरोप है कि वह ट्रेजरी से अवैध वेतन निकासी केस में संलिप्त थे।

एसआईटी ने छानबीन में पाया कि इस केस में पहले गिरफ्तार हो चुके कौशल कुमार पांडेय के साथ अशोक कुमार भंडारी की संलिप्तता थी। जांच में यह भी सामने आया है कि कौशल पांडेय के खाते से अशोक भंडारी के खाते में 50 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ।

विभिन्न बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया
जांच में यह भी सामने आया है कि सरकारी राशि के गबन के लिए अलग-अलग खातों का इस्तेमाल किया गया। बोकारो ट्रेजरी स्कैम की जांच में पता चला है कि वर्ष 2020 से अब तक कुल 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध निकासी विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से की गई।