द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में रविवार की दोपहर पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक अपराधी मारा गया। मारे गए अपराधी की पहचान सुदीश ओझा के रूप में हुई, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरायढेला थाना क्षेत्र के फायरिंग रेंज के पास गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह के कुछ अपराधी जमा हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें सुदीश ओझा मारा गया। मौके से हथियार भी बरामद किए गए।
सुदीश ओझा कई आपराधिक मामलों में वांछित था और पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी। फरार हुए अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चला रही है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान विदेश में रहकर झारखंड में अपने गिरोह के माध्यम से रंगदारी का नेटवर्क चला रहा है। धनबाद, रांची और जमशेदपुर समेत कई जिलों में उसके गुर्गे सक्रिय हैं, जो व्यवसायियों को धमकी देकर रंगदारी वसूलते हैं। ऐसे में उसके शूटर का मारा जाना धनबाद पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
.jpeg)