logo

हजारीबाग : कपड़ा लूटकांड में शामिल सभी 10 आरोपी हुए गिरफ्तार, 9 मार्च को दिया था घटना को अंजाम

कपड़ा लूटकांड में शामिल सभी 10 आरोपी हुए गिरफ्तार, 9 मार्च को दिया था घटना को अंजाम

हजारीबागः
9 मार्च, 2022 की देर रात कुछ आरोपियों ने पवई के पास से खलासी की मिलीभगत से कपड़े से भरे ट्रक (NL 01AF 6900) के चालक को नशे की दवा खिलाकर ट्रक को अगवा कर लिया था। वहीं, ट्रक चालक को नशे की हालत में चरही घाटी में फेंक दिया गया था। इस लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है।  मामले में 10 आरोपी को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गये कपड़े से भरे ट्रक एवं ट्रक में लदे 89 बंडल कपड़ा, घटना को अंजाम देने में प्रयोग किया गया 11 मोबाइल एवं एक बाइक को बरामद किया है।

 

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना कुमार, राजेन्द्र यादव गुरमीत सिंह, अशोक कुमार, इंद्रजीत सिंह उदय प्रसाद मेहता पिता अर्जुन प्रसाद मेहता, सुधीर कुमार , मो इम्तियाज, मो जसीम, बबलू यादव शामिल है। हजारीबाग एसपी के निर्देशन में एक विशेष छापामारी दल का गठन बरही डीएसपी नाजीर अख्तर के नेतृत्व किया गया था। छापामारी दल ने सबसे पहले सरगना बबलू यादव को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाब रही। 


रिक्की सरदार है खरीदार

गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि तिलैया के रिक्की सरदार ने सभी कपड़े को बेचवाने का जिम्मा लिया था। रिक्की खुद कपड़े की खरीद-बिक्री करता है। आरोपियों के मुताबिक, रिक्की सरदार के कहने पर ट्रक को झुमरा में छुपाकर रखा गया था।