logo

ऑनलाइन ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, ई-कॉमर्स कंपनी के नाम पर करते थे फ्रॉड

devgharpolice.jpg

द फोलोअप डेस्क
देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोंघो मोड़ के पास की गई छापेमारी में चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और बैंक खातों से संबंधित कई दस्तावेज बरामद किए हैं।

लोगों को फर्जी लिंक और एपीके फाइल भेजते थे

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारठ थाना क्षेत्र के रहने वाले कलीमुद्दीन अंसारी, अब्दुल करीम अंसारी, समीर अंसारी और वसीम अंसारी के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ देवघर साइबर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को ठगने के लिए खुद को ई-कॉमर्स कंपनियों और डिजिटल भुगतान सेवाओं का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर संपर्क करते थे। वे तकनीकी सहायता के नाम पर लोगों को फर्जी लिंक और एपीके फाइल भेजते थे, जिसके जरिए मोबाइल की जानकारी हासिल कर बैंक खातों तक पहुंच बनाते थे। 

इसके अलावा फर्जी बैंक खाते खुलवाकर अवैध लेनदेन को अंजाम देने की भी जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल नंबरों और उपकरणों का संबंध देश के कई राज्यों में दर्ज साइबर ठगी मामलों से जुड़ा हुआ पाया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Tags - Cyber FraudEcommerce ScamCustomer Care FraudOnline Scam NetworkCyber Crime Investigation