नारायणपुर/जामताड़ा:
जामताड़ा के नारायणपुर थानाक्षेत्र से लापता 17 वर्षीय लड़की को यूपी से सुरक्षित बरामद किया गया है। पुलिस ने एक युवक को भी गिरफ्तार किया है जिसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। नारायणपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। गौरतलब है कि बीते 22 मई को नारायणपुर इलाके के एक व्यक्ति ने थाने में लिखित आवेदन देकर यह शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 साल की बेटी लापता है। उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बेटी का अपहरण कर लिए जाने की आशंका जताई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू की थी।

1 जून को संभल में मिली थी लड़की
छानबीन के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1 जून 2026 को उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी थाना क्षेत्र स्थित कबीर गली से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इसके साथ ही मामले में संलिप्त आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिले के निवासी 18 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। विधिसम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

नारायणपुर पुलिस की अहम भूमिका
मामले के सफल खुलासे में नारायणपुर थाना की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि किशोरी पूरी तरह सुरक्षित है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक, क्यों और किन परिस्थितियों में लड़की को अपने साथ ले गया था।