logo

जमशेदपुर में 14 साल के छात्र की हार्ट अटैक से मौत, डॉक्टर भी हैरान

HEART.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सिदगोड़ा 10 नंबर बस्ती में रहने वाले 14 साल के साईं की हार्ट अटैक से मौत हो गई। साईं डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर में 9वीं कक्षा में पढ़ता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे वह शौचालय गया था। लौटने के बाद उसने सिर में तेज दर्द होने की बात कही। उसके माता-पिता तुरंत उसे मर्सी अस्पताल, बारीडीह लेकर गए। वहां उसकी हालत और बिगड़ गई। उसे ऑक्सीजन दी गई, लेकिन वह बेहोश हो गया। फिर डॉक्टरों ने उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया। परिजन तुरंत उसे वहां ले गए, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार के सदस्य सच्चिदानंद ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक साईं की मौत कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) से हुई। साईं के पिता विजय नंदन ठेकेदारी करते हैं और मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के माधोपुर गांव के रहने वाले हैं। इतनी कम उम्र में हार्ट अटैक की घटना से डॉक्टर भी हैरान हैं। सदर अस्पताल के डॉ. रंजीत पांडा का कहना है कि कम उम्र में हार्ट अटैक बहुत ही असामान्य है। इसके पीछे तनाव, गलत खानपान और ज्यादा शारीरिक मेहनत जैसे कारण हो सकते हैं।