logo

एक दिन में रद्द की गयीं एयर इंडिया की 7 उडानें, जानिये हर साल सैकड़ों फ्लाइट्स क्यों कैंसिल करती है कंपनी

AIR3.jpg

 

द फॉलोअप डेस्क 
अहमदाबाद में हुए बड़े विमान हादसे के बाद एअर इंडिया के ऑपरेशंस में लगातार दिक्कतें देखने को मिल रही हैं। मंगलवार को एअर इंडिया इंटरनेशनल की कुल 7 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इन रद्द की गई फ्लाइट्स में से 6 बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थीं, वही विमान मॉडल जो हाल ही में अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुआ था।

अहमदाबाद से लंदन वाली फ्लाइट दोबारा रद्द
रद्द की गई उड़ानों में से एक अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI 159 थी, जो हादसे के बाद पहली उड़ान के रूप में उड़ान भरने जा रही थी। मंगलवार दोपहर 1:10 बजे इसकी उड़ान तय थी, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते इसे रद्द करना पड़ा। यह वही फ्लाइट है जिसे पहले AI 171 के नाम से जाना जाता था और हादसे के बाद इसका नाम बदलकर AI 159 कर दिया गया था। इस हादसे में 229 यात्री, 12 क्रू मेंबर, और हॉस्टल इमारत से टकराने के कारण कई अन्य लोगों सहित 270 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। यह हाल के वर्षों का सबसे बड़ा विमान हादसा माना जा रहा है।

दिल्ली, पेरिस, बेंगलुरु—हर रूट पर असर
मंगलवार को दिल्ली से पेरिस और अहमदाबाद से लंदन जाने वाली उड़ानें तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गईं। इसके अलावा, लंदन से अमृतसर और बेंगलुरु से लंदन की उड़ानों को भी कैंसिल किया गया। इसी दिन AI 180 फ्लाइट, जो सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी, उसमें भी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। जब फ्लाइट कोलकाता में 12:45 बजे उतरी और इसे दोपहर 2 बजे मुंबई के लिए रवाना होना था, तभी जांच के दौरान इंजन में खराबी का पता चला। सुबह करीब 5:20 बजे यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और यात्रा टाल दी गई।

DGCA ने दिए कड़े निर्देश
अहमदाबाद हादसे के बाद DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) ने सभी बोइंग ड्रीमलाइनर विमानों की 6 चरणों में गहन जांच और निगरानी के आदेश दिए हैं। इससे कई उड़ानों की समयबद्धता प्रभावित हो रही है। एअर इंडिया की ओर से यात्रियों को होटल में रुकवाने और फुल रिफंड की सुविधा दी जा रही है।

तीन साल में कितनी फ्लाइट्स रद्द हुईं?
राज्यसभा में 25 नवंबर 2024 को दिए गए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक:
साल 2022 में एअर इंडिया ने कुल 87,191 उड़ानें संचालित की थीं, जिनमें से 122 उड़ानें तकनीकी खराबी के चलते रद्द की गईं।
साल 2023 में 1,05,999 उड़ानों में से 181 फ्लाइट्स रद्द हुईं।
साल 2024 में अब तक 1,10,351 उड़ानों में से 107 उड़ानें तकनीकी कारणों से रद्द की गई हैं। यानी, इस साल पहले की तुलना में स्थिति थोड़ी बेहतर रही है।

दूसरी एयरलाइंस की क्या स्थिति रही?
साल 2024 में इंडिगो ने 4,92,746 उड़ानें कीं, जिनमें से 936 फ्लाइट्स तकनीकी कारणों से रद्द हुईं।
स्पाइसजेट की 35,208 उड़ानों में से 305 उड़ानें रद्द की गईं।
आकाशा एयर की 33,204 फ्लाइट्स में से 41 उड़ानें तकनीकी कारणों से नहीं उड़ पाईं।
इसके अलावा फ्लाई बिग, स्टार एयर, जूम, विस्तारा जैसी अन्य एयरलाइंस का नाम भी इन आंकड़ों में शामिल है।

यात्रियों को राहत भी मिली, पर असुविधा जारी
एअर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था, होटल सुविधा और फुल रिफंड की पेशकश की है। एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसलिए किसी भी तकनीकी गड़बड़ी के मामूली संकेत पर भी उड़ान को रद्द करना जरूरी समझा जा रहा है।

Tags - AIR INDIA NEWSAIR INDIA PLANE CRASH NEWSAHMEDABAD PLANE CRASH NEWSPLANE CRASH NEWS AHMEDABADINTERNATIONAL NEWSINDIGO AIRLINES NEWSSPICEJET NEWSएयर इंडिया समाचारएयर इंडिया विमान दुर्घटना समाचारअहमदाबाद विमान दुर्घटना समाचारविमान दुर्घटना समाचार अ