logo

जमीन पर पड़ी थी महिला की अधजली लाश, SHO घरवालों से बोलीं– "जल्दी करो मुझे धूप लग रही है"

Screenshot_2026-06-10_124439.jpg

बिहार

बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 5 जून से लापता एक अधजला महिला का  शव गांव के पास से ही बरामद हुआ है। परिजनों ने उनके पति और ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। इस  मामले का पता तब चला, जब मौके पर पहुंचीं जंदाहा थाना प्रभारी (SHO) चांदनी सवारियां ने कथित तौर पर तेज धूप का हवाला देते हुए परिजनों से कहा, 'मुझे तेज धूप लग रही है, जल्दी करो'। SHO के इस गैर-जिम्मेदाराना बयान से भड़के ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर ही घेर लिया और जमकर हंगामा किया। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति समेत 13 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से मिले अवशेषों को DNA जांच के लिए भेजा है। लापता महिला का मिला अधजला शव
यह सनसनीखेज मामला जंदाहा थाना क्षेत्र के महिसौर गांव का है। 37 साल की रीता देवी 5 जून की रात से अचानक लापता हो गई थीं। जब काफी समय तक परिवारवालों को उनकी कोई सुध नहीं मिली, तो उन्होंने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की। इसी खोजबीन के दौरान गांव के ही पास एक सुनसान जगह से रीता देवी का अधजला शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
SHO के बयान पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
शव बरामद होने की खबर पर जंदाहा थाना प्रभारी (SHO) चांदनी सवारियां पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। लेकिन जांच के दौरान SHO के एक कथित बयान ने वहां मौजूद लोगों के गुस्से को भड़का दिया। आरोप है कि थाना प्रभारी ने वहां मौजूद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से संवेदनहीनता दिखाते हुए कहा, "मुझे तेज धूप लग रही है, जल्दी करो।" एक मृतका के परिजनों के सामने तेज धूप का हवाला देकर जल्दबाजी करने के इस बयान पर बवाल खड़ा हो गया। उग्र ग्रामीणों ने मौके पर ही महिला SHO को घेर लिया और उनके खिलाफ नाराजगी जाहिर की। हालांकि, बाद में वरिष्ठ अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। पति की दूसरी शादी और हत्या का आरोप
रीता देवी की भाभी रेखा देवी ने मृतका के ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रीता की शादी साल 2007 में पप्पू राय उर्फ नंदकिशोर राय के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच आपसी मतभेद और विवाद चल रहा था। इसी अनबन के कारण रीता के पति ने उसकी मर्जी के बिना दूसरी शादी कर ली थी और वह रीता को अपने साथ रखने को तैयार नहीं था। परिजनों का सीधा दावा है कि इसी पारिवारिक विवाद और रंजिश के चलते रीता देवी की बेरहमी से हत्या की गई है। ससुराल से गायब थे सभी सदस्य
परिजनों ने बताया कि जब रीता 5 जून से लापता हुई, तो वे अगले दिन 6 जून को उसकी तलाश करते हुए उसके ससुराल पहुंचे। लेकिन वहां घर पर कोई भी मौजूद नहीं था और परिवार के सभी सदस्य फरार थे। परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में उन्हें गुमराह करने के लिए ससुराल पक्ष की ओर से यह झूठी कहानी बताई गई कि रीता ने जहर खाकर अपनी जान दे दी है और उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। लेकिन अब घर से करीब 500 मीटर दूर महिला का अधजला शव मिलने के बाद परिवार का शक यकीन में बदल गया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है।13 लोगों पर केस दर्ज, DNA जांच की तैयारी
इस पूरे मामले पर महुआ के एसडीपीओ (SDPO) संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शुरुआत में मृतका के मायके वालों के बयान और शिकायत के आधार पर पति पप्पू राय समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए जो भी अवशेष और नमूने मिले हैं, उन्हें फॉरेंसिक और DNA जांच के लिए भेजा गया है ताकि मौत के कारणों की सटीक पुष्टि हो सके। इसके साथ ही, पुलिस उन लोगों की भी पहचान कर रही है जिन्होंने जांच प्रक्रिया के दौरान मौके पर माहौल बिगाड़ने या कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Tags - BiharNews CrimeNews VaishaliNews MurderCase BreakingNews