जहानाबाद/बिहार
जहानाबाद में मंगलवार देर रात बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो पलट गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले पेड़ से टकराई फिर गड्ढे में गिरी। घटना में दूल्हा समेत लगभग एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। डॉक्टरों ने चार लोगों की हालत नाजुक बताई है।

चार लोगों की हालत नाजुक
जानकारी के मुताबिक, बारात पटना के दुल्हन बाजार से जहानाबाद के काको प्रखंड स्थित फिरोजी गांव जा रही थी। इसी दौरान भगवानगंज-कड़ौना मार्ग पर सिकरिया थाना क्षेत्र के मांदे बीघा गांव के पास हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी पलटते ही दरवाजा लॉक हो गया। अंदर फंसे बाराती करीब एक घंटे तक चीखते-चिल्लाते रहे। किसी तरह 112 पर हादसे की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि इसमें चार लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें PMCH रेफर कर दिया गया।

परिवार में चिंता
घायलों में मिथुन दास, अजय कुमार, जोगेंद्र कुमार, कायब, रामनरेश, साधु दास, पिंटू कुमार, अशोक कुमार, सुधीर कुमार, देवन दास सहित अन्य शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि इस घटना में किसी के मौत होने की सूचना नहीं है। घर में शादी का माहौल घटना के बाद फीका पड़ गया। परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।