बिहार
बिहार में आज खासकर राज्य के दक्षिणी इलाकों में मौसम विभाग ने गया और रोहतास (डेहरी) का पारा 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना बताई है। राजधानी पटना का भी तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। वहीं उत्तरी बिहार के जिलों में थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग की माने तो पश्चिम चंपारण, मधुबनी, सुपौल और पूर्णिया में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान मधुबनी और गया में 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हीटवेव का अलर्ट जारी
राज्य में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। स्थिति को देखते हुए IMD ने इन इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लू के खतरे को देखते हुए स्कूलों के समय में भी बदलाव किया है।

23 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के संकेत
हालांकि आज सीमांचल के किशनगंज, अररिया और सुपौल में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं और कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं सोमवार की बात करें तो राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य का सबसे अधिक गर्म स्थान 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी रहा।