logo

Bihar news : शरद यादव ने लालू की आरजेडी से मिलाया हाथ, विरोधी बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का क्या! 

WhatsApp_Image_2022-03-20_at_15_41_51.jpeg

 

पटना: 

पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी नेता शरद यादव अपनी पार्टी लोकतांत्रिक जनता दल को पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल  में विलय कराने जा रहे हैं। कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में शरद और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मौजूद रहेंगे। आपको बता दें कि दोनों पार्टियों के विलय की खबरें सामने आने के बाद मामले में सियासत शुरू हो गई है। गौरतलब है कि 25 वर्षों बाद शरद और आरजेडी एक मंच पर नजर आएंगे। 

शरद यादव पर हमलावर है सत्ता पक्ष
कभी लालू को भ्रष्टाचारी बताने वाले शरद का आज उनसे ही हाथ मिला लेने के बाद सत्ता पक्ष हमलावर है। शरद यादव को कई सवालों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता निखिल मंडल ने ट्वीट कर कहा कि ये वही शरद यादव हैं जिन्होंने लालू यादव को सजा होने पर खुशी जाहिर की थी। शरद यादव ने तब कहा था कि भ्रष्टाचारियों के लिए ये फैसला सबक है।यदि उनकी निगाह में लालू यादव भ्रष्टाचारी नेता हैं तो ये विलय क्यों। निखिल मंडल ने कहा कि देखना होगा कि तेजस्वी यादव अपने पिता को भ्रष्ट कहने वाले को क्या इनाम देते हैं। 

बंगले के लोभ की राजनीति ठीक नहीं! 
जेडीयू प्रवक्ता निखिल मंडल ने कहा कि बंगले के लोभ में राजनीति करना अच्छी बात नहीं है। मधेपुरा से राजनीति की। मधेपुरा के वोट से राजनीतिक कद मिला। मधेपुरा वाले बंगले को छोड़ सरकारी बंगले के लोभ में राजनीतिक समझौता कर लिया। कांग्रेस के खिलाफ राजनीति की लेकिन बेटी और समधी को कांग्रेस से टिकट दिलवाया। कल तक भ्रष्टाचार के खिलाफ थे। आज भ्रष्टाचार में डुबकी लगा ली। 

2 महीने में शरद यादव को खाली करना होगा बंगला
गौरतलब है कि फिलहाल शरद यादव किसी भी राजनीतिक पद पर नहीं हैं। वे फिलहाल दिल्ली में सरकारी बंगले में रहते हैं जो उनको राज्यसभा सांसद होने की वजह से दिया गया था। अब वो बंगला केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस को आवंटित किया गया है। शरद यादव को बंगला खाली करने के लिए 2 महीने का वक्त दिया गया है। देखना होगा कि शरद यादव का राजनीतिक भविष्य क्या होगा।