logo

Bank Robbery : 43 लाख नकद और 23 किलो सोने की लूट, आरोपियों पर 10 लाख का इनाम

43 लाख नकद और 23 किलो सोने की लूट, आरोपियों पर 10 लाख का इनाम

द फॉलोअप डेस्क:

Bank Robbery: जमशेदपुर (Jamshedpur) के गोलमुरी (Golmuri) स्थित कैनरा बैंक डकैती कांड (Canara Bank Robbery) में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। विशेष जांच टीम (SIT) बिहार और पश्चिम बंगाल में संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस आरोपियों के घरों, संपर्कों और आवाजाही के रास्तों की पड़ताल में जुटी है। वहीं, फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कुल 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।

43 लाख रुपये नकद और 23 किलो सोना लूटकर हुए थे फरार

दरअसल, 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में डकैती की घटना हुई थी। इस दौरान अपराधी बैंक से करीब 43 लाख रुपये नकद और लगभग 23 किलो सोना लूटकर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया था। इसके बाद से ही एसआईटी आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

बिहार और पश्चिम बंगाल में संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी

पुलिस के अनुसार, मामले में बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े पांच संदिग्धों की पहचान की गई है। इनमें समस्तीपुर के प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के अक्षय कुमार उर्फ साका, पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह और चंपारण के ऋतिक कुमार के नाम शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें उनके घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हालांकि, कई जगहों पर आरोपी नहीं मिले। समस्तीपुर में पुलिस प्रियदर्शी के घर पहुंची, जहां उसकी मां मिलीं। उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस अब संदिग्धों के संपर्कों, उनकी आवाजाही और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और नेपाल से जुड़े संभावित आरोपियों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

फरार आरोपियों पर 10 लाख रुपये का इनाम

कैनरा बैंक डकैती कांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया है। प्रत्येक आरोपी के संबंध में सटीक सूचना देने या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। पांच आरोपियों के लिए कुल 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है। जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के अनुसार, संदिग्धों के बारे में जानकारी एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी या गोलमुरी थाना प्रभारी के सरकारी नंबरों पर दी जा सकती है। पुलिस को उम्मीद है कि आम लोगों से मिलने वाली सूचनाओं की मदद से फरार आरोपियों तक पहुंचने और उनकी गिरफ्तारी में सफलता मिलेगी।

Tags - Jamshedpur Canara Bank Robbery Golmuri Bank Robbery Case Canara Bank Robbery Jamshedpur Jamshedpur Police SIT Investigation