द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक आदिवासी छात्रा का शव झाड़ियों से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। छात्रा की मौत के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस के लिए छात्रा की मौत की परिस्थितियों का पता लगाना अहम है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।