द फॉलोअप डेस्क
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। हालांकि राहत की यह है कि 7 लोग इलाज के बाद घर लौट चुके हैं। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थानेदार उमाशंकर माझी को लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दरअसल इस जहरीले नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए पुलिस ने एक बड़ा ऑपरेशन चलाया, जिसमें कुख्यात शराब तस्कर नागा राय को उसके पूरे परिवार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, नागा राय फैमिली गैंग के जरिए लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चला रहा था जहां हर सदस्य इस काले धंधे में शामिल था। मृतकों के बयान के आधार पर तुरकौलिया थाना और रघुनाथपुर थाना में हत्या का केस दर्ज किया गया है।

बहरहाल, पुलिस लगातार माइकिंग के जरिए लोगों को जागरूक कर रही है। सदर डीएसपी के नेतृत्व में गठित SIT लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के बाकी गुर्गों को भी दबोचा जा सके। पुलिस का कहना है इस मौत के कारोबार में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।